अनुराग ठाकुर लोकसभा में बोलने लगे तो विपक्ष ने लगाए “गोली मंत्री गो बैक” के नारे

बजट पेश होने के बाद आज संसद की कार्यवाही का पहला दिन है। लेकिन लोकसभा और राज्यसभा दोनों सदनों में हंगामा हो रहा है। सीएए और एनपीआर के मुद्दे पर राज्यसभा एक बार फिर से स्थगित। दो बजे शुरू होगी कार्यवाही। वहीं लोकसभा शुरू होते ही विपक्षी सांसदों ने दिल्ली के जामिया और शाहीन बाग में हुई गोलीबारी के विरोध में नारा लगना शुरू कर दिया। विपक्षी सांसदों ने नारे लगाते हुए कहा- गोली मारना बंद करो, देश तोड़ना बंद करो। जैसे ही केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने लोकसभा के अंदर बोलना शुरू किया, विपक्ष के नेताओं ने नारे लगाते हुए कहना शुरू कर दिया- गोली मंत्री गो बैक।

गौरतलब है कि केन्द्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने दिल्ली विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान एक जगह गोली मारने जैसा विवादित बयान दिया था। बता दे रविवार रात अज्ञात लोगों ने जामिया इलाके में गोलीबारी की थी. इससे पहले दो अन्य घटनाएं भी ऐसी हुई हैं जहां सीएए के खिलाफ विरोध कर रहे लोगों को धमकाने और खुलेआम गोलीबारी करने का मामला सामने आया था। जिसको लेकर विपक्ष केंद्र सरकार पर नफरत की राजनीति करने का आरोप लगा रही है।


