हिमाचल निर्माता को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित

Spread the love

प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री एवं हिमाचल निर्माता स्व. डाॅ. यशवंत सिंह परमार की 117वीं जयंती पर आज सोलन में उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। सोलन के चिल्ड्रन पार्क स्थित स्व. डाॅ. परमार की प्रतिमा पर आज प्रातः स्व. डाॅ. परमार को कृतज्ञ ज़िलावासियों एवं गणमान्य व्यक्तियों ने श्रद्धासुमन अर्पित किए। इन पुनीत अवसर पर सिरमौर कल्याण मंच सोलन की ओर से इस रक्तदान शिविर आयोजित किया गया तथा नगर निगम सोलन के हाल में प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री की स्मृति में कवि गोष्ठी का आयोजन किया गया। सोलन के उपायुक्त मनमोहन शर्मा ने कवि गोष्ठी सत्र की अध्यक्षता की।

मनमोहन शर्मा ने इस अवसर पर कहा कि एक राज्य के रूप में हिमाचल की नीतियों को परिभाषित करने, प्रदेश के विकास को गति देने और राज्य के ईमानदार एवं कर्मठ लोगों के साथ मिलकर विकसित हिमाचल की नींव रखने के लिए प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री एवं हिमाचल निर्माता स्व. डाॅ. यशवंत सिंह परमार को सदैव याद रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि यह हर्ष का विषय है कि सिरमौर कल्याण मंच हर वर्ष हिमाचल निर्माता डाॅ. यशवंत सिंह परमार की जयंती को भव्य रूप में आयोजित करता है। उन्होंने कहा कि इस माध्यम से युवा पीढ़ी को हिमाचल निर्माता की परिकल्पना, सोच और उनके जीवन के बारे जानने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि हमारा प्रदेश भौगोलिक रूप से पूरी तरह जुड़ा हुआ नहीं था। डाॅ. परमार की दूरगामी सोच के कारण ही हिमाचल एक हो पाया। उन्होंने कहा कि वर्तमान हिमाचल में पर्यटन, उद्योग, सड़क, विद्युत परियोजनाओं के विकास की नींव डाॅ यशवंत सिंह परमार ने रखी थी। हिमाचल प्रदेश को अग्रणी राज्य बनाने में डाॅ. परमार की महत्वपूर्ण भूमिका है।

मनमोहन शर्मा ने कहा कि स्व. डाॅ. परमार ने हिमाचल प्रदेश की पहाड़ी बोली के संरक्षण के लिए कार्य किया। उन्होंने स्व. डाॅ. परमार के साथ रहे वरिष्ठजनों से आग्रह किया कि अपने अनुभवों को किताब या वृतचित्र के रूप में सहेजें ताकि युवा पीढ़ी को उनके व्यक्तित्व के बारे में अवगत करवाया जा सके। मनमोहन शर्मा ने इस अवसर पर स्व. डाॅ. यशवंत सिंह परमार के चित्र पर पुष्पांजलि भी अर्पित की। नगर निगम सोलन के आयुक्त ज़फ़र इकबाल ने इस अवसर पर हिमाचल निर्माता को श्रद्धाजंलि अर्पित करते हुए कहा कि मुश्किल भौगोलिक परिस्थितियों वाले प्रदेश को विकास की डगर पर आगे बढ़ाकर स्व. डाॅ. परमार ने सभी के लिए अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया।

नगर निगम सोलन की महापौर पूनम ग्रोवर, उप महापौर राजीव कौड़ा, पार्षद सरदार सिंह ठाकुर, ज़िला कांग्रेस के अध्यक्ष शिव कुमार, प्रदेश कांग्रेस समिति के महासचिव सुरेन्द्र सेठी, नगर परिषद सोलन के पूर्व अध्यक्ष कुल राकेश पंत, वरिष्ठ कांग्रेस कार्यकर्ता जगमोहन मल्होत्रा, लक्ष्मी दत्त शर्मा, पी.डी. भारद्वाज, रवि मदान, विजय कुमार, स्व. डाॅ. वाई.एस परमार के पौत्र आनन्द परमार, पड़पौत्र यशस्वी सिंह परमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बद्दी रमेश शर्मा, सिरमौर कल्याण मंच के अध्यक्ष बलदेव चैहान, उपाध्यक्ष पदम पुण्डीर, महासचिव राम गोपाल शर्मा, सचिव अजय कंवर, वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रदीप ममगई, वरिष्ठ उपाध्यक्ष वीरेन्द्र कंवर सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं स्थानीय निवासी इस अवसर पर उपस्थित थे।

Vishal Verma

20 वर्षों के अनुभव के बाद एक सपना अपना नाम अपना काम । कभी पीटीसी चैनल से शुरू किया काम, मोबाईल से text message के जरिये खबर भेजना उसके बाद प्रिंट मीडिया में काम करना। कभी उतार-चड़ाव के दौर फिर खबरें अभी तक तो कभी सूर्या चैनल के साथ काम करना। अभी भी उसके लिए काम करना लेकिन अपने साथियों के साथ third eye today की शुरुआत जिसमें जो सही लगे वो लिखना कोई दवाब नहीं जो सही वो दर्शकों तक