Third Eye Today News

स्वस्थ एवं व्यक्तित्व विकास में खेलों की महत्वपूर्ण भूमिका – सुखराम चौधरी

Spread the love

बहुउद्देशीय परियोजनाएं तथा ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी ने आज सोलन के ऐतिहासिक ठोडो मैदान में सोलन हॉकी क्लब द्वारा आयोजित तीन दिवसीय ओपन राज्य स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उन्होंने इस अवसर पर हॉकी टीम के खिलाड़ियों को आयोजन की बधाई देते हुए कहा कि इस प्रतियोगिता से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिलेगा और हॉकी के अच्छे खिलाड़ी राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना पाएंगे। सुखराम चौधरी ने कहा कि खेल हमारे जीवन का आवश्यक अंग हैं। स्वस्थ शरीर के निर्माण और व्यक्तित्व विकास में खेल महत्वपूर्ण भूमिका निभाते है। खेल कई प्रकार के होते हैं, जो हमारे शारीरिक एवं मानसिक विकास में सहायक बनते हैं। उन्होंने कहा कि लगातार पढ़ाई के दौरान कई बार तनाव की स्थिति उत्पन्न हो जाती है और ऐसे में खेल तनाव को दूर करने का बेहतर माध्यम हैं। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वे नशे से दूर रहें और राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान दें। उन्होंने कहा कि खेल नशे से दूर रहने का सशक्त माध्यम हैं। ऊर्जा मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में खेल मैदानो का निर्माण करवाया जा रहा है। मैदानो के निर्माण पर 10 लाख रुपये की राशि व्यय की जा रही है। प्रदेश सरकार द्वारा उत्कृष्ट खिलाड़ियों को विभिन्न विभागों में रोज़गार प्रदान करने के लिए 03 प्रतिशत कोटा निर्धारित किया गया है, जिसके तहत सैकड़ो खिलाड़ियों को विभिन्न विभागों, बोर्डों, निगमों में रोज़गार प्राप्त हुआ है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा खेलों को बढ़ावा देने के लिए राज्य में खेल के क्षेत्र में आधुनिक अधोसंरचना के विकास पर लगभग 77 करोड़ रुपये की राशि व्यय की गई है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में छोटे मैदानो का निर्माण करवाया जा रहा है ताकि ग्रामीण बच्चों को खेल के माध्यम से आगे बढ़ने के अवसर प्रदान हो सके।
सुखराम चौधरी ने इस अवसर पर सोलन हॉकी क्लब को अपनी ऐच्छिक निधि से एक लाख रुपये प्रदान करने की घोषणा की। सोलन हॉकी क्लब के अध्यक्ष कैप्टन (सेवानिवृत्त) एस.पी. जगोता ने मुख्यातिथि का स्वागत करते हुए कहा कि इस ओपन राज्य स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता में लड़कों की 09 तथा लड़कियों की 08 टीमें भाग ले रही हैं। प्रतियोगिता के माध्यम से 250 से अधिक खिलाड़ियों को अपनी योग्यता का प्रदर्शन करने का अवसर प्राप्त होगा। कार्यक्रम में मेरिडियन ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज के प्रबंध निदेशक विनोद गुप्ता ने विशेष अतिथि के रूप में शिरकत की।
हॉकी प्रतियोगिता का पहला मैच सुदंरनगर और पड्डल स्पोर्टस क्लब के मध्य खेला गया। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश खादी बोर्ड के उपाध्यक्ष पुरूषोत्तम गुलेरिया, प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी के सदस्य डॉ. राजेश कश्यप, सोलन भाजपा मण्डल के अध्यक्ष मदन ठाकुर, सोलन भाजपा महामंत्री नन्द राम कश्यप, हॉकी क्लब सोलन के उप प्रधान उमेश शर्मा, कृष्ण ठाकुर, सचिव शीला कौशल, उप सचिव पूजा हांडा, वेद ज्योति, सोलन हॉकी संघ के सदस्यों सहित प्रदेश विद्युत बोर्ड के अधीक्षण अभियंता एम.एस. गुलेरिया सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं खिलाड़ी उपस्थित थे।

Vishal Verma

20 वर्षों के अनुभव के बाद एक सपना अपना नाम अपना काम । कभी पीटीसी चैनल से शुरू किया काम, मोबाईल से text message के जरिये खबर भेजना उसके बाद प्रिंट मीडिया में काम करना। कभी उतार-चड़ाव के दौर फिर खबरें अभी तक तो कभी सूर्या चैनल के साथ काम करना। अभी भी उसके लिए काम करना लेकिन अपने साथियों के साथ third eye today की शुरुआत जिसमें जो सही लगे वो लिखना कोई दवाब नहीं जो सही वो दर्शकों तक