सोलन में 100TEN हॉस्पिटल एंड वेलनेस इंस्टीट्यूट ने अपनी आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं और भविष्य की विस्तार योजनाओं का किया शुभारंभ
सोलन में स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक नई पहल करते हुए 100TEN हॉस्पिटल एंड वेलनेस इंस्टीट्यूट ने अपनी आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं और भविष्य की विस्तार योजनाओं का शुभारंभ किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में उपमंडलाधिकारी सोलन मनमोहन शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में संस्थान के संस्थापक प्रवीण अग्रिहोत्री, सह-संस्थापक रीता ठाकुर सहित चिकित्सक, प्रबंधन से जुड़े प्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
संस्थान का उद्देश्य आधुनिक चिकित्सा, आयुर्वेद, पंचकर्म, पोषण और वेलनेस सुविधाओं को एक ही छत के नीचे उपलब्ध करवाना है, ताकि लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के लिए अलग-अलग स्थानों पर न भटकना पड़े। संस्थान की ओर से बताया गया कि करीब दस वर्ष पहले संस्थापक को गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ा था। इसी व्यक्तिगत अनुभव ने उन्हें स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ, जागरूकता आधारित और गुणवत्तापूर्ण बनाने की दिशा में काम करने के लिए प्रेरित किया।

