सैनिकों के सम्मान से खिलवाड़ स्वीकार नहीं, विवादित बयान पर माफी मांगें मंत्री जगत सिंह नेगी : पुरुषोत्तम गुलेरिया
हमीरपुर, 23 नवंबर। भारतीय जनता पार्टी पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ जिला हमीरपुर द्वारा प्रदेश सरकार के मंत्री जगत सिंह नेगी की राफेल लड़ाकू विमानों और भारतीय सेना को लेकर की गई कथित टिप्पणियों के विरोध में हमीरपुर में धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। इस दौरान पूर्व सैनिकों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं ने मंत्री के विरुद्ध नारेबाजी की और उनकी प्रतीकात्मक शवयात्रा निकालकर पुतला दहन किया। प्रदर्शनकारियों ने मंत्री के बयान पर कड़ी आपत्ति जताते हुए सार्वजनिक माफी की मांग की।
इस अवसर पर भाजपा हिमाचल प्रदेश के सभी प्रकोष्ठों के प्रदेश संयोजक पुरुषोत्तम गुलेरिया विशेष रूप से उपस्थित रहे। उनके साथ पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ के जिला पदाधिकारी, अनूप ठाकुर सहित विभिन्न पदाधिकारी, पूर्व सैनिक एवं भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
पुरुषोत्तम गुलेरिया ने कहा कि भारतीय सेना देश की आन, बान और शान है। हमारे वीर जवान कठिन परिस्थितियों में सीमाओं की रक्षा करते हैं और आवश्यकता पड़ने पर मातृभूमि के लिए सर्वोच्च बलिदान देते हैं। ऐसे में सेना और देश की रक्षा क्षमताओं को लेकर की जाने वाली गैर-जिम्मेदाराना टिप्पणियां अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण हैं।
उन्होंने कहा कि मंत्री जगत सिंह नेगी की टिप्पणियों को लेकर पूर्व सैनिकों में गहरा आक्रोश है। कांग्रेस सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि क्या वह मंत्री के बयान से सहमत है। उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से भी इस विषय पर सरकार का आधिकारिक पक्ष सामने रखने की मांग की।
गुलेरिया ने कहा, “राजनीतिक विरोध अपनी जगह है, लेकिन भारतीय सेना और सैनिकों का सम्मान दलगत राजनीति से ऊपर है। देश की रक्षा से जुड़े संवेदनशील विषयों पर बयान देने से पहले प्रत्येक जनप्रतिनिधि को अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए।”

