Third Eye Today News

मुख्यमंत्री ने प्रमुख दैनिक समाचार पत्र के 20वें स्थापना दिवस समारोह में बतौर मुख्यातिथि भाग लिया

Spread the love

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने गत सायं चंडीगढ़ में एक प्रतिष्ठित दैनिक समाचार पत्र के 20 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि भाग लिया।
उन्होंने इस अवसर पर दैनिक समाचार पत्र के प्रकाशन के 20 वर्ष पूर्ण होने पर बधाई देते हुए आशा व्यक्त की कि यह प्रतिष्ठित समाचार पत्र भविष्य में भी निष्पक्ष एवं निर्भीक पत्रकारिता का संवाहक बना रहेगा।
ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने इस अवसर समाचार पत्र प्रबंधन एवं अन्य गणमान्य लोगों के साथ संवाद किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार व्यवस्था परिवर्तन के माध्यम से प्रदेश को वर्ष, 2032 तक देश का समृद्धतम राज्य बनाने के लिए प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि इस उद्देश्य की पूर्ति के लिए स्वास्थ्य, शिक्षा, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और पर्यटन क्षेत्र में संरचनागत विकास पर बल देने के साथ साथ नवीन योजनाएं कार्यान्वित की जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि हिमाचल उत्तर भारत में स्वच्छ वायु और जल संसाधनों का प्रदाता है। जीवन की इन अमूल्य निधियों के संरक्षण के लिए प्रदेश निरंतर प्रयासरत है। इसके दृष्टिगत से प्रदेश सरकार राज्य में हरित ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा दे रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में ग्रीन हाईड्रोजन, ई-वाहन और जिओ थर्मल जैसी भविष्योन्मुखी तकनीकों को अपनाया जा रहा है। हाल ही में प्रदेश सरकार ने आइसलैंड के साथ जिओ थर्मल ऊर्जा के क्षेत्र में एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं।


उन्होंने कहा कि प्रदेश की भौगोलिक स्थिति आय सृजन के अधिक अवसर प्रदान नहीं करती और इसी दृष्टि से राज्य को केंद्र सरकार द्वारा राजस्व घाटा अनुदान जैसी सहायता दी जाती रही है। किंतु इस वर्ष प्रस्तुत केंद्रीय बजट में हिमाचल को दिए जाने वाले राजस्व घाटा अनुदान को समाप्त कर हिमाचल के हितों पर कुठाराघात किया गया है।
उन्होंने कहा कि गंभीर वित्तीय परिस्थितियों और केंद्र सरकार की बेरूखी के बावजूद भी प्रदेश सरकार सभी वर्गों के कल्याण को सर्वोच्च अधिमान दे रही है और रोजगार एवं स्वरोजगार के अधिक से अधिक अवसर सृजित करने के लिए कार्यरत है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार पूर्ण पारदर्शिता और ईमानदारी के साथ कार्य कर रही है और यह प्रयास किया जा रहा है कि जन-जन की समस्याओं का त्वरित समाधान हो।
उन्होंने इस अवसर पर विशिष्ट विभूतियों को सम्मानित भी किया।
आई टी वी नेटवर्क के फाउंडर कार्तिकेय शर्मा ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया।
उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह, तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार, मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (मीडिया) नरेश चौहान, कालका की विधायक शक्ति रानी शर्मा, समाचार पत्र के चेयरपर्सन विनोद शर्मा एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति इस अवसर पर उपस्थित थे।

Vishal Verma

20 वर्षों के अनुभव के बाद एक सपना अपना नाम अपना काम । कभी पीटीसी चैनल से शुरू किया काम, मोबाईल से text message के जरिये खबर भेजना उसके बाद प्रिंट मीडिया में काम करना। कभी उतार-चड़ाव के दौर फिर खबरें अभी तक तो कभी सूर्या चैनल के साथ काम करना। अभी भी उसके लिए काम करना लेकिन अपने साथियों के साथ third eye today की शुरुआत जिसमें जो सही लगे वो लिखना कोई दवाब नहीं जो सही वो दर्शकों तक