मशीनों से 500 लीटर डीजल चोरी, आरोपी गिरफ्तार, मशीनों से ग्रीस गन भी ले गया था चोर
शिमला जिले के झाकड़ी क्षेत्र में सड़क को चौड़ा करने के काम में लगी भारी मशीनों से 500 लीटर डीजल और उपकरण चोरी करने के मामले में पुलिस ने सनारसा गांव के रहने वाले गौरव नेगी को गिरफ्तार किया है। यह चोरी 17 और 18 मार्च की रात ज्यूरी–सराहन मार्ग पर हुई थी, जिसके बाद 20 मार्च 2026 को थाना झाकड़ी में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी।पुलिस के अनुसार ज्यूरी–सराहन मार्ग पर एक निर्माण कंपनी की मशीनें जैसे जेसीबी, पोकलेन और टिप्पर सड़क चौड़ीकरण के काम के दौरान मौके पर खड़ी थीं। इसी दौरान अज्ञात लोगों ने मशीनों से करीब 500 लीटर डीजल, तीन ग्रीस गन और अन्य उपकरण चोरी कर लिए। चोरी हुए सामान की कुल कीमत लगभग 1 लाख 71 हजार रुपये आंकी गई थी। घटना सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने ज्यूरी, बठारा, घराट और मझगांव क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का बारीकी से निरीक्षण किया। फुटेज में वारदात के समय कुछ संदिग्ध वाहनों और लोगों की गतिविधियां सामने आईं। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई और आरोपी की पहचान गांव सनारसा निवासी गौरव नेगी के रूप में की, जो पहले भी इस तरह की चोरी की घटनाओं में शामिल रह चुका है।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी की लोकेशन सुन्नी क्षेत्र में पाई गई थी। इसके बाद पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई की। जांच के दौरान यह भी पता चला कि गौरव नेगी तीन नाबालिग लड़कों के साथ सुन्नी क्षेत्र में हुई एक अन्य चोरी की घटना में भी शामिल पाया गया था, जहां उसे पहले ही एक अन्य मामले में पकड़ा जा चुका था।
इसके बाद पुलिस ने आगे कार्रवाई करते हुए 21 मार्च को गौरव नेगी को जगातखाना (थाचवा) क्षेत्र से दस्तयाब कर गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है और पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस चोरी में और कौन-कौन लोग शामिल थे। जिला शिमला पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि उन्हें आसपास किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें, जिससे समय रहते अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
![]()
