Third Eye Today News

देश की रक्षा में तैनात हिमाचल के 35 वर्षीय सैनिक का अरुणाचल में निधन, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

Spread the love

 देश की दुर्गम सीमाओं की निगहबानी करते हुए हिमाचल प्रदेश ने अपना एक और वीर सपूत खो दिया है। झंडूता विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत घराण के गांव खमेड़ा कलां निवासी भारतीय सेना के जवान संदीप कुमार (लगभग 35 वर्ष) का अरुणाचल प्रदेश में ड्यूटी के दौरान असामयिक निधन हो गया। देश की रक्षा में तैनात एक युवा सैनिक के यूं अचानक दुनिया से रुखसत हो जाने की खबर जैसे ही उसके पैतृक गांव पहुंची तो समूचे  क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई और हर आंख नम हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार  संदीप कुमार पुत्र नानक चंद वर्ष 2010 में भारतीय सेना में भर्ती हुए थे। वर्तमान में उनकी तैनाती अरुणाचल प्रदेश में थी। बताया जा रहा है कि संदीप कुमार बीते जून महीने में छुट्टी लेकर अपने घर आए थे और करीब 45 दिनों तक परिवार के साथ समय बिताने के बाद अगस्त माह में वापस अपनी ड्यूटी पर लौटे थे। परिजनों ने कल्पना भी नहीं की थी कि ड्यूटी पर लौटने के कुछ समय बाद ही उनके निधन की मनहूस खबर घर की दहलीज पर दस्तक देगी।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, अरुणाचल प्रदेश में ड्यूटी के दौरान अचानक संदीप कुमार की तबीयत बिगड़ गई। बताया जा रहा है कि उच्च हिमालयी क्षेत्र में शरीर में ऑक्सीजन का स्तर कम होने के कारण उन्हें सांस लेने में गंभीर परेशानी हुई, जिसके चलते उनका निधन हो गया। हालांकि, निधन के सटीक कारणों को लेकर अभी सेना की ओर से आधिकारिक जानकारी की प्रतीक्षा है। जवान का पार्थिव शरीर 12 नवम्बर को उनके पैतृक गांव खमेड़ा कलां पहुंचने की उम्मीद है, जहां पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

महज 35 वर्ष की अल्पायु में संदीप कुमार के चले जाने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। संदीप विवाहित थे, लेकिन अभी उनकी कोई संतान नहीं थी। जिस बेटे को परिवार ने गर्व के साथ देश की सेवा के लिए सेना में भेजा था, उसके असमय निधन ने परिजनों को गहरे सदमे में डाल दिया है।

Vishal Verma

20 वर्षों के अनुभव के बाद एक सपना अपना नाम अपना काम । कभी पीटीसी चैनल से शुरू किया काम, मोबाईल से text message के जरिये खबर भेजना उसके बाद प्रिंट मीडिया में काम करना। कभी उतार-चड़ाव के दौर फिर खबरें अभी तक तो कभी सूर्या चैनल के साथ काम करना। अभी भी उसके लिए काम करना लेकिन अपने साथियों के साथ third eye today की शुरुआत जिसमें जो सही लगे वो लिखना कोई दवाब नहीं जो सही वो दर्शकों तक