दाड़लाघाट में नशा तस्करी पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 1.980 किलो चरस व 935 ग्राम अफीम बरामद
जिला पुलिस की SIU टीम दाड़लाघाट क्षेत्र में गश्त व अपराधों की रोकथाम के लिए मौजूद थी। इसी दौरान टीम को गुप्त सूचना मिली कि एक व्यक्ति काफी समय से चरस और अफीम की तस्करी में संलिप्त है तथा वह रामपुर की ओर से एक आल्टो कार में एक ट्रक को पायलट करते हुए दाड़लाघाट की तरफ आ रहा है।
सूचना के आधार पर SIU टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए कराड़ाघाट के समीप नाकाबंदी की और संदिग्ध आल्टो कार व ट्रक को जांच के लिए रोका। जांच के दौरान आल्टो कार का चालक वाहन को मौके पर छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए जंगल की ओर फरार हो गया।
इसके बाद जब दोनों वाहनों की तलाशी ली गई तो आल्टो कार से 935 ग्राम अफीम तथा ट्रक से 1.980 किलोग्राम चरस बरामद की गई। पुलिस ने ट्रक चालक को मौके पर ही नियमानुसार गिरफ्तार कर लिया।
इस संबंध में पुलिस थाना दाड़लाघाट में मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले में प्रयुक्त आल्टो कार और ट्रक को जब्त कर पुलिस कब्जे में ले लिया गया है। गिरफ्तार आरोपी को 11 मार्च 2026 को माननीय न्यायालय में पेश किया जाएगा।
जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना दाड़लाघाट में एनडीपीएस एक्ट के तहत एक अन्य मामला भी दर्ज है। वहीं, मौके से फरार दूसरे आरोपी की तलाश जारी है, जिसे जल्द गिरफ्तार करने का दावा पुलिस ने किया है। मामले की आगामी जांच जारी है।
![]()
