ठियोग में सड़क निर्माण कार्य के चलते मलबा गिरने से मजदूर की मौ..त
जनपद के ठियोग थाना क्षेत्र में धमानधरी–जघोड़ा मार्ग पर निर्माण कार्य के दौरान हुए हादसे में एक मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई। यह घटना 19 फरवरी को उस समय हुई, जब मौके पर डंगे (रिटेनिंग वॉल) का निर्माण कार्य चल रहा था। सूचना मिलते ही फागू पुलिस चौकी की टीम घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान 52 वर्षीय मुकेश कुमार के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले की तहसील बेहट के गांव बड़ी माजरी का रहने वाला था। वह पिछले दो दिनों से अन्य मजदूरों के साथ यहां निर्माण कार्य में लगा हुआ था।
बताया जा रहा है कि गुरुवार को मजदूर लोहे की प्लेटें और शटरिंग का सामान व्यवस्थित कर रहे थे। इसी दौरान करीब 12 से 15 फुट ऊंचाई से अचानक भारी मात्रा में मलबा नीचे आ गिरा। मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक मलबा गिरते ही दो मजदूर दाहिनी ओर भागकर बच निकले, जबकि मुकेश कुमार बाईं ओर भागा। इसी बीच मलबे का रुख उसकी तरफ मुड़ गया और वह लोहे की प्लेटों समेत मलबे के नीचे दब गया।
साथ काम कर रहे मजदूरों ने तुरंत उसे बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन तब तक वह गंभीर रूप से घायल हो चुका था। शुरुआती जांच में उसके शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। पुलिस के मुताबिक उसकी दाहिनी भुजा शरीर से अलग मिली, जबकि दोनों पैरों में गहरे जख्म और फ्रैक्चर के संकेत पाए गए। अत्यधिक खून बहने के कारण उसकी मौके पर ही मौत होने की आशंका जताई जा रही है। उसके कपड़ों पर भी मिट्टी और मलबे के कण पाए गए।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल ठियोग भेज दिया है। मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की कार्रवाई बीएनएसएस की धारा 194 के तहत की जा रही है और हादसे के कारणों की विस्तृत जांच जारी है।
![]()
