Third Eye Today News

जयराम-बिंदल को भाजपा हाईकमान का बुलावा,अध्यक्ष के चयन काे लेकर सियासत गरमाई

Spread the love

दिल्ली में रेखा गुप्ता के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनने के बाद भाजपा हाईकमान ने नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डाॅ. राजीव बिंदल को दिल्ली बुलाया है। दोनों नेताओं को दिल्ली बुलाए जाने के बाद नए प्रदेश अध्यक्ष के चयन काे लेकर सियासत गर्मा गई है। ऐसा माना जा रहा है कि भाजपा हाईकमान दोनों नेताओं से प्रदेश अध्यक्ष के विषय को लेकर चर्चा कर सकता है। इसके बाद कभी भी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के पद पर ताजपोशी हो सकती है। पार्टी सूत्रों के अनुसार बदले सियासी समीकरण के बीच नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर को भी अध्यक्ष पद के विकल्प के रूप में देखा जा रहा है।

जयराम ठाकुर इससे पहले भी भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं। इसके अलावा डा. राजीव बिंदल को पार्टी एक मौका दे सकती है। इसके अलावा डाॅ. राजीव भारद्वाज, इंदु गोस्वामी, विपिन सिंह परमार, बिक्रम सिंह और सतपाल सिंह सत्ती भाजपा के अन्य विकल्प हैं। यदि भाजपा ने दिल्ली में सीएम के पद चयन की तरह प्रक्रिया अपनाई तो पार्टी किसी नए चेहरे या फिर पहली बार किसी महिला को भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त कर सकती है।

पार्टी हाईकमान की तरफ से अध्यक्ष पद चयन के लिए केंद्रीय राज्य मंत्री डाॅ. जितेंद्र सिंह को चुनाव अधिकारी नियुक्त किया गया है। वह एक बार शिमला का दौरा कर चुके हैं। यानी उनके दूसरे दौरे पर सीधे प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा की जा सकती है या फिर सीधे दिल्ली से किसी एक नाम पर सीधे मुहर लग सकती है। अब तक प्रदेश भाजपा के संगठनात्मक चुनाव की प्रक्रिया सभी 171 मंडलों और 17 संगठनात्मक जिला अध्यक्षों का चयन करके पूर्ण कर ली गई है। ऐसे में अब इंतजार नए प्रदेश अध्यक्ष की ताजपोशी का है, जिसके बाद प्रदेश, जिला एवं मंडल स्तर पर भाजपा की नई टीम का चयन किया जाएगा।

Vishal Verma

20 वर्षों के अनुभव के बाद एक सपना अपना नाम अपना काम । कभी पीटीसी चैनल से शुरू किया काम, मोबाईल से text message के जरिये खबर भेजना उसके बाद प्रिंट मीडिया में काम करना। कभी उतार-चड़ाव के दौर फिर खबरें अभी तक तो कभी सूर्या चैनल के साथ काम करना। अभी भी उसके लिए काम करना लेकिन अपने साथियों के साथ third eye today की शुरुआत जिसमें जो सही लगे वो लिखना कोई दवाब नहीं जो सही वो दर्शकों तक