Third Eye Today News

जगत सिंह नेगी का बयान देशद्रोही मानसिकता का परिचायक : सुरेश कश्यप

Spread the love

सेना के शौर्य पर सवाल उठाने वाले मंत्री को बर्खास्त करें सुक्खू : सुरेश कश्यप

शिमला, 20 नवंबर। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप ने हिमाचल प्रदेश सरकार के राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी द्वारा राफेल लड़ाकू विमानों और ऑपरेशन सिंदूर को लेकर विधानसभा में की गई टिप्पणियों की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि कांग्रेस के मंत्री ने राजनीतिक विरोध की सभी मर्यादाएं लांघ दी हैं।

सुरेश कश्यप ने कहा कि जगत सिंह नेगी का यह कहना कि ऑपरेशन सिंदूर में पाकिस्तान के बजाय भारत के छक्के छूट गए, अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और भारतीय सशस्त्र सेनाओं के मनोबल को ठेस पहुंचाने वाला बयान है। उन्होंने कहा कि ऐसी टिप्पणियां देशद्रोही मानसिकता का परिचायक हैं। किसी जिम्मेदार मंत्री से ऐसी भाषा की अपेक्षा नहीं की जा सकती।

कश्यप ने कहा कि कांग्रेस पार्टी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा का विरोध करने का पूरा अधिकार है, लेकिन राजनीतिक विरोध के नाम पर भारतीय सेना के पराक्रम और देश की रक्षा क्षमताओं का उपहास उड़ाना किसी भी परिस्थिति में स्वीकार्य नहीं है।

उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश वीरभूमि है। यहां के हजारों जवान देश की सीमाओं पर तैनात हैं और अनेक वीर सैनिकों ने मातृभूमि की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया है। ऐसे प्रदेश के मंत्री की टिप्पणी सैनिक परिवारों की भावनाओं को आहत करने वाली है।

सुरेश कश्यप ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से सवाल किया कि क्या उनकी सरकार जगत सिंह नेगी के बयान से सहमत है? यदि नहीं, तो मुख्यमंत्री मंत्री के विरुद्ध कार्रवाई करने से क्यों बच रहे हैं?

उन्होंने मांग की कि मुख्यमंत्री जगत सिंह नेगी को तत्काल मंत्रिमंडल से बर्खास्त करें तथा मंत्री देश की जनता और सैनिक परिवारों से सार्वजनिक रूप से माफी मांगें। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व को भी इस विवाद पर अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए।

Vishal Verma

20 वर्षों के अनुभव के बाद एक सपना अपना नाम अपना काम । कभी पीटीसी चैनल से शुरू किया काम, मोबाईल से text message के जरिये खबर भेजना उसके बाद प्रिंट मीडिया में काम करना। कभी उतार-चड़ाव के दौर फिर खबरें अभी तक तो कभी सूर्या चैनल के साथ काम करना। अभी भी उसके लिए काम करना लेकिन अपने साथियों के साथ third eye today की शुरुआत जिसमें जो सही लगे वो लिखना कोई दवाब नहीं जो सही वो दर्शकों तक