Third Eye Today News

चिट्टा तस्करी के आठ अलग-अलग मामलों में गिरफ्तार आरोपी को तीन महीने की जेल

Spread the love

चिट्टा तस्करी के आठ अलग-अलग मामलों में पहले गिरफ्तार हो चुके एक आरोपी को अब सख्त निवारक कार्रवाई के तहत तीन महीने के लिए जेल भेज दिया गया है। जिला पुलिस शिमला ने बताया कि नशा तस्करी पर रोक लगाने और समाज को नशे के दुष्प्रभाव से बचाने के लिए यह कदम उठाया गया है।पुलिस के अनुसार अजीत राम पुत्र मिश्री लाल, निवासी फागली रोड महाशिव कॉलोनी शिमला, वर्ष 2016 से लगातार नशा तस्करी के मामलों में पकड़ा जाता रहा है। उसके खिलाफ पहला मामला साल 2016 में दर्ज हुआ था, जब उससे स्मैक बरामद की गई थी। इसके बाद 2017 में उसके पास से चरस और स्मैक पकड़ी गई। साल 2019 में दो अलग-अलग मामलों में उससे हेरोइन/चिट्टा बरामद हुआ।

साल 2020 में भी उसके पास से हेरोइन/चिट्टा की बड़ी मात्रा बरामद की गई। वर्ष 2021 में फिर से वह इसी तरह के मामले में पकड़ा गया। इसके बाद 2023 और 2024 में भी उसके खिलाफ चिट्टा बरामद होने के मामले दर्ज हुए। इस तरह पिछले आठ वर्षों में वह कुल आठ बार एनडीपीएस कानून के तहत गिरफ्तार किया जा चुका है।

पुलिस का कहना है कि आरोपी के बार-बार नशा तस्करी में शामिल पाए जाने के कारण  (PIT NDPS) अधिनियम के तहत उसे निवारक नजरबंदी में लिया गया है। इस कानून के तहत उसे तीन महीने के लिए जेल भेजा गया है ताकि वह भविष्य में फिर से नशा तस्करी की गतिविधियों में शामिल न हो सके। एसएसपी शिमला गौरव सिंह का कहना है कि नशा तस्करी के खिलाफ “जीरो टॉलरेंस” नीति अपनाई गई है। युवाओं को नशे से बचाने और जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आगे भी ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Vishal Verma

20 वर्षों के अनुभव के बाद एक सपना अपना नाम अपना काम । कभी पीटीसी चैनल से शुरू किया काम, मोबाईल से text message के जरिये खबर भेजना उसके बाद प्रिंट मीडिया में काम करना। कभी उतार-चड़ाव के दौर फिर खबरें अभी तक तो कभी सूर्या चैनल के साथ काम करना। अभी भी उसके लिए काम करना लेकिन अपने साथियों के साथ third eye today की शुरुआत जिसमें जो सही लगे वो लिखना कोई दवाब नहीं जो सही वो दर्शकों तक