ग्रिड फेल होने से बिजली हुई गुल, धीमी पड़ी मुंबई की रफ्तार
महानगरीय क्षेत्र में ग्रिड फेल होने से मुंबई (Mumbai) की रफ्तार सोमवार को थम सी गई है। इससे शहर में बत्ती गुल हो गई है। साथ ही लोकल ट्रेनें भी रुक गई हैं। मुंबई के अलावा ठाणे के भी कुछ इलाकों की बिजली गुल (Power Cut) हो गई है। मुंबई के पूर्वी, पश्चिमी, उपनगर और ठाणे के कुछ हिस्से में बिजली गुल हो गई है। इसके कारण लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। शहर के इलेक्ट्रिसिटी सप्लाई बोर्ड के मुताबिक, ‘TATA की बिजली सप्लाई में कुछ दिक्कत आने की वजह से बिजली बाधित हुई है।’ पॉवर कट की वजह से यहां ट्रेनों का संचालन भी ठप हो गया है। कई इलाकों में ट्रैफिक सिगनल भी काम नहीं कर रहे। पश्चिमी रेलवे ने कहा है कि यह Tata Power में एक ग्रिड में गड़बड़ी आने के चलते हुआ है। मुंबई में केसी कॉलेज की प्रिंसिपल और यूनिवर्सिटी एक्जामिनेशन 2020 की क्लस्टर हेड डॉ. हेमलता बागला ने निर्देश जारी कर कहा है कि मुंबई में बिजली गुल होने के कारण ग्रेजुएशन और पोस्ट ग्रेजुएशन की आज की सभी परीक्षाएं टाली जा रही हैं। अब ये परीक्षाएं 18 अक्टूबर को आज ही के समय आयोजित होंगी।