कुल्लू के बनाशा में भूमि विवाद पर दो पक्षों में हुई खूनी झड़प, पत्थरों से हमला करने पर महिला गिरफ्तार
मणिकर्ण घाटी के पीणी पंचायत के बनाशा गांव में सोमवार को जमीनी विवाद में हुई मारपीट मामले में पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार कर लिया है। महिला की पहचान 60 वर्षीय विजय लक्ष्मी पत्नी लेश राम निवासी बनाशा के रूप में हुई है। पुलिस ने महिला को सीसीटीवी कैमरे में हुई पूरी घटना में शामिल पाया है। इसी आधार पर पुलिस ने महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक कुल्लू गुरदेव शर्मा ने बताया कि बनाशा गांव में सोमवार को दो गुटों में जमीनी विवाद को लेकर झगड़ा हुआ था। इसमें पांच लोग घायल हुए थे। पांचों के बयान के आधार पर पुलिस ने मौके पर जाकर छानबीन की, जिसमें महिला की संलिप्तता पाई गई। उक्त महिला ने पत्थरों से हमला किया था।

पत्थरों से हमला करने पर महिला को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इस संदर्भ में दोनों पक्षों की तरफ से शिकायत प्राप्त हुई है, जिस पर कार्रवाई अमल में लाई गई। घायलों में प्रथम पक्ष के कुर्म दत्त, पवन कुमार व दिनेश कुमार घायल हुए हैं तथा दूसरे पक्ष के हेम सिह व युवराज घायल हुए हैं। सभी घायलों का क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में इलाज चल रहा है। मामले को लेकर पुलिस अधीक्षक कुल्लू गुरदेव शर्मा ने कहा मामले की छानबीन की जा रही है। दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।


