कांग्रेस की गुबाजी अस्थिरता का संकेत : अभिषेक ठाकुर
सोलन जिला भाजपा प्रवक्ता अभिषेक ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश कांग्रेस में गुटों का टकराव यह साफ संकेत देता है कि सरकार और संगठन दोनों ही अस्थिर हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस का अभियान “चोर मचाए शोर” जैसा प्रतीत हो रहा है।
अभिषेक ठाकुर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और विपक्ष हमेशा चोरी की राजनीति करते हैं—कभी राफेल में “चौकीदार चोर” कहते हैं, अब वोट चोरी की बात कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि परिवारवाद और संसाधनों की लूट का इतिहास रखने वाले लोग अब संवैधानिक संस्थाओं को चोर बताने की कोशिश कर रहे हैं, जो आपत्तिजनक है।
भाजपा प्रवक्ता ने चुनाव आयोग की प्रेस कॉन्फ्रेंस का हवाला देते हुए कहा कि आयोग ने सभी मुद्दों पर तथ्यात्मक जवाब दिया है और डुप्लीकेट वोट, एड्रेस जैसी शिकायतों को स्पष्ट किया है।
मुख्यमंत्री के वोट पर निशाना साधते हुए अभिषेक ठाकुर ने कहा कि कभी उनका वोट हमीरपुर में होता है और कुछ समय बाद शिमला नगर निगम में आ जाता है। यही असली “वोट ट्रांसफर का खेल” है। उन्होंने याद दिलाया कि जब मुख्यमंत्री की पत्नी चुनाव लड़ी थीं, तब भी हमीरपुर से बड़ी संख्या में वोट उनके क्षेत्र में शिफ्ट हुए थे।